बाराबंकी : 486 शिकायतें आईं, 52 का मौके पर निस्तारण, डीएम ने तहसील रामनगर में सुनीं समस्याएं
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील रामनगर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, एसडीएम रामनगर आनंद कुमार तिवारी सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
समाधान दिवस में बुढ़वल निवासी नीरज शुक्ला ने नगर पंचायत क्षेत्र की सड़कों व गलियों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। वहीं देवी शरण शर्मा ने पीजी कॉलेज में बीएससी, एमएससी व विज्ञान कक्षाएं शुरू कराने का ज्ञापन दिया। तेलवारी के अजीत सिंह ने डिजिटल मीटर में अधिक बिल आने की शिकायत कर मीटर बदलने की मांग उठाई। ग्राम अमोलीकला के रमाकांत सिंह और पुरैना की झिन्ना के खतौनी में लिपिकीय त्रुटि को तत्काल ठीक कर संशोधित प्रति उपलब्ध कराई गई।
वहीं गर्री निवासी सुशील कुमार और अंकुल की शिकायत पर उन्हें बालिग दर्ज करते हुए अभिलेख संशोधित किए गए। बिछलखा की रामवती को उनके दिवंगत पति का मृत्यु प्रमाण पत्र मौके पर ही उपलब्ध कराया गया। कुशबेहटा निवासी रोहित की शिकायत पर राशन कार्ड में यूनिट बढ़ाने की कार्रवाई भी तत्काल कराई गई। इन शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया कि 10 टीमों का गठन कर फील्ड में भेजा जाए, ताकि लंबित मामलों का मौके पर निस्तारण कराया जा सके।
उन्होंने सभी मामलों में संबंधित अधिकारी की आख्या भी मांगी। वहीं जनपद की सभी तहसीलों की बात करें तो वहां आयोजित समाधान दिवस में कुल 486 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 52 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील नवाबगंज में 164 में से 20, सिरौलीगौसपुर में 16 में से 5, राम सनेहीघाट में 61 में से 7, रामनगर में 97 में से 10, फतेहपुर में 57 में से 6 तथा हैदरगढ़ में 91 में से 7 मामलों का तत्काल समाधान किया गया।
