रूफटॉप सोलर में यूपी ने बनाया रिकॉर्ड, 5 लाख से ज्यादा संयंत्र स्थापित, 65 हजार से अधिक लोगों को मिला रोजगार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश ने रूफटॉप सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नया रिकॉर्ड कायम करते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अब तक 5,00,115 से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

इस अभियान के तहत कुल 8,94,217 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बड़ी संख्या में संयंत्रों की स्वीकृति और स्थापना पूरी की गई। इससे राज्य में 1,696.68 मेगावाट की स्थापित क्षमता तैयार हुई है, जो ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार ने 3,038.08 करोड़ रुपये और राज्य सरकार ने 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी प्रदान की है। अधिकारियों के अनुसार, इन संयंत्रों से प्रतिदिन करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिससे उपभोक्ताओं की लागत घटी है और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आई है।

रोजगार के मोर्चे पर भी योजना का सकारात्मक असर दिखा है। करीब 5,000 कंपनियों के माध्यम से 65,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं। साथ ही, छतों पर संयंत्र लगाने से लगभग 6,500 एकड़ भूमि का संरक्षण भी संभव हुआ है।

स्थापना की रफ्तार ने बनाया रिकॉर्ड

अप्रैल 2026 में महज 30 दिनों के भीतर 51,882 संयंत्र स्थापित किए गए, जो अब तक का सबसे तेज प्रदर्शन है। इस दौरान औसतन 1,729 संयंत्र प्रतिदिन लगाए गए, जबकि मार्च में यह औसत 1,700 था। ऊर्जा क्षेत्र में इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश ने देश में अपनी अग्रणी स्थिति और मजबूत कर ली है।

संबंधित समाचार