योगी सरकार की पारदर्शी भर्ती से खिले चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे, पारदर्शिता और समयबद्धता से बढ़ा युवाओं का विश्वास
-अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र पाकर मुख्यमंत्री योगी का जताया आभार
लखनऊ, अमृत विचार: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के 357 कनिष्ठ विश्लेषक (औषधि) और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 252 दंत स्वास्थ्य विज्ञानियों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों ने सरकार की पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया की सराहना की।
कनिष्ठ विश्लेषक (औषधि) के पद पर चयनित औरैया के प्रतीक कुमार दीक्षित ने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रही। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि समयबद्ध चयन प्रक्रिया युवाओं के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले प्रयोगशालाओं की संख्या सीमित थी, लेकिन अब सरकार ने लैब बढ़ाकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए हैं।
दंत स्वास्थ्य विज्ञानी (डेंटल हाइजीनिस्ट) के पद पर चयनित लखनऊ की साक्षी सिंह ने इसे अपने परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी प्रक्रिया के कारण योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिला है और मुख्यमंत्री के संबोधन से उन्हें प्रेरणा मिली है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगी।
रोजगार के अवसरों से मजबूत हो रहा प्रदेश
कानपुर की सभ्या कटियार ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को लगातार रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण दिन बताते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी से निभाएंगी। वहीं गाजीपुर के राकेश कुमार यादव ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित रही और केवल योग्य अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।
महिलाओं और युवाओं को मिला सम्मान
मुरादाबाद की प्रियंका गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार में महिलाओं और युवाओं को सम्मान मिल रहा है। वहीं बस्ती के ऋषभ प्रताप सिंह और सीतापुर की पूजा वर्मा ने भी भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। अभ्यर्थियों ने एक स्वर में कहा कि पारदर्शी व्यवस्था से युवाओं का भरोसा मजबूत हुआ है और उन्हें अपने भविष्य को लेकर नया आत्मविश्वास मिला है।
