Bareilly:आस्था स्थलों के विकास को 7.91 करोड़ की मंजूरी, जिले में 12 परियोजनाएं होगी धरातल पर
बरेली, अमृत विचार। पर्यटन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना के तहत बरेली के विभिन्न आस्था स्थलों के विकास के लिए 791 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह राशि 12 पर्यटन विकास परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी। जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) को सौंपी गई है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में फसाड लाइटिंग के लिए 1 करोड़ और प्राचीन बड़ा बाग हनुमान मंदिर एवं श्री सीताराम मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 70-70 लाख, आनंद आश्रम मंदिर के लिए 53 लाख रुपये स्वीकृति दी गई। मीरगंज स्थित ठाकुर जी मंदिर के लिए 67 लाख, फरीदपुर के शिवमंदिर पहलऊनाथ के लिए 65 लाख और मगनपुर के प्राचीन शिव मंदिर के लिए 67 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
आंवला में महाभारत कालीन द्रौपदी स्वयंवर थीम पार्क के लिए 64 लाख तथा गुलड़िया गौरीशंकर मंदिर के यात्री हाल सुदृढ़ीकरण के लिए 45 लाख रुपये दिए गए हैं। इसके साथ ही बिथरी चैनपुर के शिरोही मंदिर के लिए 69 लाख, अहिछत्र के समेकित विकास के लिए 50 लाख, भोजीपुरा के पूर्णगिरी शिव मंदिर के लिए 71 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
