बंगाल चुनाव रुझान : भाजपा की सुनामी में ममता सरकार के 20 से अधिक मंत्री पीछे, मतगणना जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की शुरुआती दौर की मतगणना में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली निवर्तमान सरकार के 20 से ज्यादा मंत्री पीछे हैं, जिसे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में जारी मतगणना में कम से कम 23 मंत्री पीछे हैं, जो पार्टी नेतृत्व के लिए एक व्यापक चुनौती का संकेत है। 

उन्होंने मतगणना के शुरुआती रुझानों के आधार पर बताया कि निवर्तमान शिक्षा मंत्री ब्रत्य बासु 10,521 वोट से, सिंचाई एवं जलमार्ग विभाग के प्रभारी मंत्री मानस रंजन भुइयां 4,450 वोट से, महिला एवं बाल विकास मंत्री शशि पांजा 5,000 वोट से और वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य 3,878 वोट से पीछे हैं। सिंगूर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अरूप कुमार दास तृणमूल प्रत्याशी बेचाराम मन्ना से 4,924 वोट से आगे हैं, जिसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस निर्वाचन क्षेत्र में सत्तारूढ़ पार्टी के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है। 

आंकड़ों के मुताबिक, परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती लगभग 6,500 वोट से पीछे हैं, जबकि सुजीत बोस, पुलक रॉय, सबीना यास्मीन, श्रीकांत महतो और बिरबाहा हांसदा सहित कई अन्य मंत्रियों पर भी उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वियों ने बढ़त बना ली है। यह रुझान इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि ममता सरकार ने अपनी कल्याणकारी पहलों और मजबूत स्थानीय नेतृत्व पर बहुत अधिक भरोसा किया था, जिनमें से कई नेता जमीनी स्तर पर शासन के प्रमुख चेहरे थे।

हालांकि, पार्टी नेताओं ने कहा कि ये रुझान मतगणना के शुरुआती दौर पर आधारित हैं और दिन में और अधिक दौर की गिनती पूरी होने पर इनमें बदलाव आ सकता है। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने भी कहा कि मतगणना के कई दौर पूरे होने के बाद ही स्पष्ट रुझान सामने आएंगे।  

संबंधित समाचार