तमिलनाडु चुनाव : 8 ग्राम सोना, फ्री सिलेंडर और हर महीने 2500 रुपए... अब TVK के वादे पर रहेगी सबकी नजर
चेन्नई। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलागा वेट्ट्री कझगम (टीवीके) नए दल के रूप में चुनाव मैदान में उतरी है। पार्टी के सबसे बड़े दल बनने और सरकार बनाने की संभावनाओं के बीच विजय के चुनावी वादों पर अब लोगों की खास नजर है। इनमें सबसे चर्चित वादा विवाह के लिए महिलाओं को 8 ग्राम सोना देने का है, जिसकी अनुमानित कीमत 22 कैरेट में लगभग 1.40 लाख रुपये बताई जा रही है।
टीवीके के घोषणापत्र में विजय ने 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सहायता, हर परिवार को सालाना छह मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर और गरीब दुल्हनों को सोने के साथ अच्छी गुणवत्ता वाली रेशमी साड़ी देने का वादा किया है। साथ ही, महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे स्वयं सहायता समूहों (SHG) को 5 लाख रुपये तक ब्याज-मुक्त ऋण उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया है।
शिक्षा पर बड़ा जोर
घोषणापत्र में शिक्षा को प्राथमिकता दी गई है। स्कूल छोड़ने की समस्या रोकने के लिए सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं या अभिभावकों को हर साल 15,000 रुपये देने का वादा है। पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज के नाम पर 100 विशेष आवासीय स्कूल खोलने और उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई है। विजय ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) मंत्रालय, AI विश्वविद्यालय और AI नगर स्थापित करने का भी वादा किया है।
कृषि, युवा और स्वास्थ्य
कृषि क्षेत्र में पांच एकड़ से कम भूमि वाले किसानों के पूरे फसल ऋण माफ करने और इससे अधिक भूमि वालों को 50 प्रतिशत ऋण माफी का वादा है। धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) देने का आश्वासन भी दिया गया है।युवाओं के लिए 5 लाख नए सरकारी नौकरियां सृजित करने, उतनी ही संख्या में भत्तायुक्त प्रशिक्षण और बेरोजगार स्नातकों को 4,000 रुपये मासिक सहायता देने का वादा किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में नशामुक्त तमिलनाडु बनाने, अस्पतालों के आधुनिकीकरण, सालाना निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और 25 लाख रुपये तक की पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने का संकल्प है।
अन्य प्रमुख वादे
- बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को 3,000 रुपये मासिक पेंशन
- 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली
- सभी घरों में 100% पाइप से पेयजल आपूर्ति
- सरकारी सेवाओं (सामुदायिक प्रमाणपत्र, भूमि दस्तावेज आदि) को समयबद्ध तरीके से देने की कानूनी गारंटी
- राशन जैसी सुविधाएं घर-घर पहुंचाने की व्यवस्था
- व्यापार करने में आसानी के लिए 21 दिनों में लाइसेंस जारी करने की गारंटी
भ्रष्टाचार मुक्त और सुशासन वाला प्रशासन
निर्वाचन आयोग के दोपहर 3 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, टीवीके 105 विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है, जो बहुमत (118) से थोड़ा कम है। तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान हुआ था।अब नतीजों के साथ-साथ यह भी देखा जाएगा कि विजय के बड़े-बड़े वादे कितने व्यावहारिक और कितने अमल में लाए जा सकते हैं।
