टीएमसी का 'भय' परास्त, प्रधानमंत्री मोदी का 'भरोसा' विजयी : बंगाल में भाजपा की जीत पर पंकज चौधरी ने जताई खुशी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्‍यक्ष और केन्‍द्रीय वित्त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल समेत अन्‍य राज्‍यों के विधानसभा चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बंगाल में टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) का 'भय' परास्त हुआ है और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी का 'भरोसा' विजयी हुआ है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय से जारी एक बयान में चौधरी ने यह दावा किया। बयान के अनुसार पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली ऐतिहासिक विजय पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। 

पंकज चौधरी ने कहा, ''गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा को मां गंगा और जनता जनार्दन का आशीर्वाद मिल रहा है।'' चौधरी ने कहा, ''बंगाल में टीएमसी का 'भय' परास्त हुआ है और प्रधानमंत्री मोदी जी का 'भरोसा' विजयी हुआ है।'' उन्होंने कहा कि असम में लगातार तीसरी जीत ने साबित कर दिया है कि जनता अब केवल 'कौशल प्रदर्शन' की राजनीति में रुचि ले रही है। उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत से उठी यह लहर उत्तर प्रदेश के 'मिशन 2027' को अभूतपूर्व ऊर्जा प्रदान करेगी।'' 

चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को इस विजय का आधार बताते हुए इसे देश में विकास, सुशासन और विश्वास की राजनीति की जीत बताया। उन्‍होंने कहा, ''भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि साल के 365 दिन जनता की सेवा में समर्पित रहते हैं। हमारा संकल्प है कि 'डबल इंजन' सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक शत-प्रतिशत पहुंचाया जाए।'' 

उन्‍होंने कहा, ''बंगाल और असम का यह परिणाम तो केवल ट्रेलर है, उप्र 2027 में सुशासन की 'हैट्रिक' के साथ पूरी पिक्चर अभी बाकी है!'' प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी संगठन को और सशक्त बनाते हुए 'मिशन 2027' के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ जुटे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा आने वाले समय में और अधिक मजबूती के साथ जनता की सेवा करती रहेगी। 

बयान के अनुसार प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भाजपा की विजय पर बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम राष्ट्रवाद और विकास के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा ने देशभर में जनसेवा और पारदर्शी शासन का जो मॉडल प्रस्तुत किया है, उसी का परिणाम है कि जनता ने एक बार फिर भाजपा को अपना समर्थन दिया है।  

संबंधित समाचार