Mango Crop Loss: मलिहाबाद में आंधी-बारिश से आम की फसल को नुकसान, कृषि वैज्ञानिकों ने दी 'बैगिंग' की सलाह
लखनऊ/मलिहाबाद, अमृत विचार : आंधी और बारिश से आम की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। मलिहाबाद के हिमारपुर क्षेत्र में पेड़ तक उखड़ कर गिर गए हैं। 40 फीसद तक कच्चे आम टूटकर गिर गए। बारिश से फलों में कीट-रोग का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। बागवान सुनील गुप्ता ने बताया कि तेज आधी से बागों में काफी नुकसान हुआ है। लागत भी नहीं निकलेगी।
मोहसिन खान ने बताया कि उनके पेड़ों पर आए ज्यादातर बड़े आकर के आम टूट कर गिर गए, जो फल बचे हैं उनमें रोग लगेगा। फहद खान ने बताया कि हवाओं के साथ हुई बारिश ने आम को अधिक नुकसान पहुंचाया है। इससे बड़े आकर के आम टूट गिरे हैं। इस वर्ष फसल कम है और बराबर आंधी से काफी नुकसान होता आ रहा है। मिर्जा नवाज बेग ने बताया कि आंधी से पेड़ों पर लगे आम जमीन पर आ गए हैं। पेड़ जड़ से उखड़ गए। इस बार फल कम ही आएंगे।
बैगिंग करके कीटरोग से बचाएं आम : डॉ. अखिलेश
वरिष्ठ कृषि विज्ञानी डॉ. अखिलेश कुमार दुबे ने बताया इस बार आंधी से आम को काफी नुकसान पहुंचा है। पैदावार पर असर पड़ेगा। बारिश से किसी तरह का नुकसान नहीं है बल्कि फायदा है। इससे बागों में नमी आएगी। बचे फलों में कीट रोग की आशंका है। इसके नियंत्रण के लिए बागवान फलों की बैगिंग करके पैक कर दें। इससे कीटरोग, दाग-धब्बे नहीं आएंगे। फल की गुणवत्ता व चमक बढ़ेगी। गेहूं की कटाई हो चुकी है। इस समय सब्जियों की फसल है। उनमें बारिश से नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं, बीमित फसल के लिए किसान 14447 पर कॉल कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें :
लखनऊ में आज 400 से अधिक भंडारे, ज्येष्ठ माह के मंगलवार पर शहर में सभी प्रमुख हनुमान मंदिरों पर पूजा-अर्चना और भारी भीड़
