लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 12 करोड़ का हाइड्रोपोनिक वीड, बैंकॉक से आए यात्री ने उड़ाए सुरक्षा एजेंसियों के होश

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार की रात राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों ने बैंकाक से आए एक यात्री के कब्जे से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद करने का दावा किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की कीमत 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों द्वारा पकड़ी गई ड्रग्स को जब्त करने के साथ ही, आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक बीते सोमवार को थाईलैंड के बैंकाक से शाम 08ः35 बजे रवाना हुई एयर एशिया की उड़ान (एफडी-146) रात्रि 10ः33 बजे राजधानी के चौधरी चरण सिंह अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट पर तैनात राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम द्वारा बैंकाक से आए एक संदिग्ध यात्री आशंका के आधार पर पूछताछ के लिए रोक लिया गया। पूछताछ के साथ ही उसके सामान की तलाशी ली गई। 

इस दौरान अधिकारियों को उसके बैग से करीब 12 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड ड्रग्स (एक प्रकार का गांजा) बरामद हुई। यात्री के कब्जे से बरामद इस ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। डीआरआई अधिकारियों की टीम ने तस्करी कर लाई गई इस ड्रग्स को जब्त करते हुए यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। टीम तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। गौरतलब है कि लखनऊ एयरपोर्ट पर पहले भी कई बार करोड़ों रुपये की ड्रग्स पकड़ी जा चुकी है।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ में लाइट एंड शो से दिखेगा बाबा साहब का जीवन, LDA ने अम्बेडकर स्मारक में किया शुभारंभ

संबंधित समाचार