प्रयागराज में बदले की कहानी : महिला ने सिखाया पति को सबक, इंस्टाग्राम फेक आईडी बनाकर पहुंचाया जेल 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में एक अनूठा मामला सामने आया है जिसमें पति द्वारा मारपीट कर घर से भगाए जाने के बाद पिछले चार साल से मायके में रह रही एक महिला ने बिना तलाक के दूसरी शादी करने की कोशिश कर रहे अपने पति को मारपीट और अपमान करने के आरोप में गिरफ्तार कराया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। 

अधिकारियों ने बताया कि सोनी त्रिपाठी का विवाह नौ वर्ष पूर्व प्रतापगढ़ के कालाकांकर निवासी प्रभुदत्त त्रिपाठी से हुआ था और शादी के पांच साल बाद पति और उसके परिजनों ने सोनी को घर से भगा दिया था और चार वर्षों से वह नवाबगंज थाना अंतर्गत जगापुर गांव में अपने मायके में रह रही है। सोनी त्रिपाठी ने एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अपने पति को 'फ्रेंड रिक्वेस्ट' भेजा। 

दोस्ती होने के बाद इंस्टाग्राम पर दोनों की बातचीत होने लगी और इसी दौरान महिला की वास्तविकता से अनजान प्रभुदत्त उससे शादी करने को तैयार हो गया। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, प्रभुदत्त ने महिला को कई बार होटल मिलने के लिए बुलाया, लेकिन महिला ने होटल में मिलने के बजाय उसे दो मई, 2026 को दारागंज थाना अंतर्गत नागवासुकी मंदिर पर मिलने के लिए बुलाया। 

प्रभुदत्त अपने एक मित्र को लेकर नागवासुकी मंदिर पहुंचा जहां मुंह पर दुपट्टा बांधे हुए सोनी पहले से मौजूद थी और उसके माता-पिता और भाई भी मंदिर से दूर खड़े थे। प्रभुदत्त अपनी पत्नी को पहचान नहीं सका और बातचीत शुरू की। जैसे ही सोनी ने आंख से चश्मा और मुंह से दुपट्टा हटाया, उसका पति उसे मारकर और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भागने लगा। 

तभी उसके माता पिता और भाई वहां पहुंच गए और उसे पकड़ लिया और 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुला लिया। दारागंज थाना की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 

ये भी पढ़ें : 
आयुष्मान योजना में बागपत नंबर वन: डीएम अस्मिता लाल ने दी जानकारी, 94% परिवार जुड़े

संबंधित समाचार