आयुष्मान योजना में बागपत नंबर वन: डीएम अस्मिता लाल ने दी जानकारी, 94% परिवार जुड़े
-123 करोड़ से अधिक का क्लेम -5 लाख तक मुफ्त इलाज से गरीबों को बड़ा सहारा
लखनऊ, अमृत विचार: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभाव से प्रदेश में स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा तेजी से बढ़ा है। बागपत जिले ने इस दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है, जहां लक्ष्य के सापेक्ष 94 प्रतिशत से अधिक परिवारों को योजना से जोड़ा जा चुका है।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के अनुसार, आयुष्मान कार्ड अब लोगों के लिए सुरक्षा और उम्मीद का प्रतीक बन चुका है। इसके तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध हो रहा है।
बागपत में अब तक 123 करोड़ रुपये से अधिक का क्लेम दर्ज किया जा चुका है, जो योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है। इससे पहले जहां लोग इलाज के लिए कर्ज लेने को मजबूर होते थे, वहीं अब उन्हें बड़ी राहत मिली है। योजना का लाभ आम लोगों के जीवन में बदलाव ला रहा है।
बड़ौत की श्वेता, जिनका महंगा ऑपरेशन संभव नहीं था, आयुष्मान योजना से स्वस्थ जीवन पा सकीं। इसी तरह समदीन और सहाना जैसे कई लाभार्थियों को भी मुफ्त इलाज मिला और वे सामान्य जीवन में लौट पाए। सरकार के अनुसार, व्यापक कवरेज के लिए वृद्धावस्था पेंशनधारकों, कर्मचारियों और शिक्षामित्रों के अभिभावकों को भी योजना से जोड़ा गया है।
