Mathura News: कारोबारी के घर डकैती डालने के आरोपी दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया
मथुरा, अमृत विचार : यूपी के मथुरा में गुरुवार की सुबह-सुबह पुलिस ने कारोबारी के घर में डकैती डालने के आरोपी दो बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया है। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। मारे गए दोनों बदमाश राजस्थान के रहने वाले हैं।
घटनाक्रम सुरीर के टैंटीगांव का है, जहां 23 अप्रैल को करोबारी अजय अग्रवाल के घर डकैती पड़ी थी। बदमाशों ने उनके घरवालों को बंधक बनाकर 3.22 लाख रुपये की नगदी और करीब 12 लाख के गहने लूटे थे।
बताते हैं कि इसके दो दिन बाद फिर गांव में डकैती का प्रयास पुलिस। उधर, पुलिस की टीमें डकैतों की तलाश में जुटी थीं। एसएसपी ने 17 टीमें बनाईं। सीसीटीवी फुटेज के जरिये बदमाशों को चिन्हित किया गया। पहचान होने के बाद पुलिस की टीमें बदमाशों के पीछे लग गईं।
मांट-सीओ संदीप सिंह के मुताबिक गुरुवार को फिर बदमाश टैंटीगांव पहुंचे। गुरुवार की सुबह यहां पुलिस से बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पप्पू उर्फ राजेंद्र और धर्मवीर घायल हो गए। दोनों को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि दोनों बदमाश राजस्थान के रहने वाले थे। धर्मवीर उर्फ लंबू, कोटपुतली के बोकाली गांव का रहने वाला था। जबकि पप्पू उर्फ राजेंद्र कोटपुतली जनपद के अंबेडकर नगर से था।
पुलिस डकैती डालने वाले और बदमाशों की तलाश में जुटी है। उधर, दोनों मृतक बदमाशों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और आगे की कार्यवाही जारी है। मथुरा में सुबह-सुबह बदमाशों के साथ मुठभेड़ के बाद इलाके में सन्नाटा छा गया है।
