Lucknow Tennis Tournament : रोमांचक जीत के साथ सेमीफाइनल में श्रेयंत महंतेशा, बालिका एकल के अंतिम चार में तेजस्वी-नीशा
लखनऊ, अमृत विचार : भारत के श्रेयंत महंतेशा ने आईटीएफ जूनियर जे-30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में टाईब्रेक तक चले रोमांचक मैच में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बालिका एकल में छठीं वरीय भारत की तेजस्वी मन्नेनी व नीशा एंजा ने मैच में जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई।
5.jpg)
बालक युगल के सेमीफाइनल में चुक्का लक्ष्य वर्धन व परंजय सिवाच और ऋभव सरोहा व आरव चावला की जोड़ियों ने फाइनल में जगह बनाते हुए खिताबी भिड़ंत सुनिश्चित की। बालिका युगल सेमीफाइनल में एंजल पटेल व रिद्धि शिंदे की जोड़ी भी फाइनल में पहुंची।
गोमतीनगर स्थित विजयंत खंड मिनी स्टेडियम के टेनिस एरिना में खेले जा रहे टूर्नामेंट के बालक एकल क्वार्टर फाइनल में श्रेयंत महंतेशा ने भारत के ही चुक्का लक्ष्य वर्धन को डबल टाईब्रेक में 6-7(3), 6-2, 7-6(6) से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच बेहद रोमांचक रहा।
6.jpg)
पहला सेट लक्ष्य वर्धन ने टाईब्रेक में अपने नाम किया, लेकिन दूसरे सेट में श्रेयंत ने शानदार कोर्ट कवरेज व आक्रामक खेल के चलते वापसी की। निर्णायक तीसरा सेट भी टाईब्रेक तक पहुंचा, जहां श्रेयंत ने संयम के साथ खेलते हुए जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
बालक एकल में शीर्ष वरीय ओम पटेल ने सातवीं वरीय शौनक चटर्जी के खिलाफ एकतरफा 6-1, 6-3 से जीत दर्ज की। ऋभव सरोहा ने वरद उंद्रे को 6-3, 6-0 से शिकस्त दी, जबकि क्वालीफायर पार्थिव नल्लागुंडला ने लेथेश एस. कोंबिला को 6-1, 6-0 से हराते हुए अंतिम चार में प्रवेश किया।
