Senior Athletics Championship : प्रयागराज में लखनऊ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, मेधंजय ने 200 मीटर में जीता स्वर्ण

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित 29वीं उत्तर प्रदेश राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में मेधंजय सक्सेना ने 22.22 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन से लखनऊ एथलेटिक्स संघ में खुशी का माहौल है।

वहीं पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में लखनऊ के युगांत सिंह और अमरोहा के अर्पित सिंह के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। युगांत ने 7.37 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक हासिल किया। वह स्वर्ण पदक विजेता अर्पित सिंह से मात्र 0.01 मीटर पीछे रह गए। उनके प्रदर्शन की खेल विशेषज्ञों और दर्शकों ने सराहना की।

उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला और सचिव नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में ऑनलाइन एंट्री और डिजिटल सर्टिफिकेट जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। लखनऊ एथलेटिक्स संघ के सचिव बीआर वरुण ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जतायी। राज्य चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब 22 से 25 मई तक रांची में होने वाली राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ये भी पढ़ें : 
बेंगलुरु पर जीत के बाद भी 10वें स्थान पर एलएसजी, प्रिंस बोले- टीम की जीत सबसे अहम

संबंधित समाचार