सीएम योगी को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, महिला सिपाही से रिश्ता टूटने का बदला लेने के लिए किया था पोस्ट
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मऊआइमा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला सिपाही से सगाई टूटने से नाराज शाहजहांपुर निवासी युवक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी देकर सनसनी फैला दी। आरोपी ने महिला सिपाही के इंजीनियर भाई को फंसाने की साजिश के तहत व्हाट्सएप और फेसबुक पर धमकी भरा पोस्ट साझा किया और उसमें उसका मोबाइल नंबर टैग कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी नितेश कटियार शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद कस्बे के मोहल्ला बुहनन्नान का निवासी है और नगर पंचायत में संविदा सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत है। उसकी शादी एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से प्रयागराज निवासी महिला सिपाही से तय हुई थी।
वर्ष 2022 बैच की महिला सिपाही वर्तमान में मऊ जिले में तैनात है। दोनों की सगाई गाजियाबाद स्थित रिश्तेदार के आवास पर संपन्न हुई थी, लेकिन बाद में लड़की पक्ष ने बेटी को दूर न भेजने का हवाला देते हुए रिश्ता तोड़ दिया।
बताया गया कि सगाई टूटने के बाद आरोपी नितेश और युवती के भाई के बीच विवाद हो गया। इसी रंजिश में आरोपी ने छह मई को सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी वाला पोस्ट साझा कर उसमें युवती के भाई का मोबाइल नंबर जोड़ दिया, जिससे पुलिस का शक उस पर जाए। धमकी भरे पोस्ट के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और मोबाइल नंबर के आधार पर युवती के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक ने पूरी घटना की जानकारी दी और नितेश कटियार पर शक जाहिर किया।
इसके बाद उसके खिलाफ मऊआइमा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने सर्विलांस और लोकेशन के आधार पर गुरुवार को शाहजहांपुर के जलालाबाद पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और प्रयागराज ले आई। महिला सिपाही के पिता ने आरोप लगाया कि शादी से इनकार करने के बाद नितेश लगातार धमकी दे रहा था और परिवार को बर्बाद करने की बात कहता था।
वहीं युवती के भाई ने बताया कि आरोपी ने पहले भी फोन कर धमकी दी थी, जिसकी शिकायत साइबर सेल में की गई थी। बाद में आरोपी ने लिखित माफीनामा देने पर शिकायत वापस ले ली गई थी, लेकिन उसने फिर फर्जी पोस्ट डालकर उसे फंसाने की साजिश रची।
मऊ आइमा थाना प्रभारी राममूर्ति यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धमकी देने, सामाजिक माहौल बिगाड़ने और आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह सगाई टूटने से नाराज था और बदला लेने की नीयत से यह साजिश रची थी।
