आरसीबी के खिलाफ सूर्यकुमार यादव की एंट्री पक्की, पिता बनने के बाद पहली बार मैदान पर दिखेंगे SKY
जयपुर। मुम्बई इंडियंस के सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वे रविवार को रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार, जिन्होंने चार मई को पिछले गेम में मुंबई इंडियंस का नेतृत्व किया था, ने टीम प्रबंधन को बताया वह आरसीबी मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। उनके जल्द ही रायपुर पहुंचने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि सूर्यकुमार यादव की पत्नी ने हाल ही में एक बच्ची को जन्म दिया है, इसलिए उनके खेलने को लेकर थोड़ी अनिश्चितता थी कि परिवार में नये मेहमान आने के बाद क्या वह समय पर रायपुर पहुंच पाएंगे। टी-20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव रविवार को फिर से टीम की कप्तानी करेंगे या नहीं, यह नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या की रिकवरी पर निर्भर करेगा, जो पीठ में ऐंठन के कारण 4 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ गेम में नहीं खेल पाए थे।
अब सब कुछ एमआई में स्पोर्ट्स मेडिसिन के हेड बेन लैंगली और फिजियो नितिन पटेल पर निर्भर करता है। पता चला है कि पांड्या का शुक्रवार को फिटनेस टेस्ट हुआ था और शनिवार को फिर से उनकी जांच की जाएगी। बेशक, उन्होंने रायपुर में टीम के साथ अभ्यास नहीं किया, लेकिन उम्मीद है कि वे शाम को अभ्यास करेंगे।
