Uttrakhand:निर्धारित मानकों पर बेपटरी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों पर ''ब्रेक''

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल ही निर्धारित मानकों पर बेपटरी हो गए। जिला प्रशासन व परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने चार मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों में छापा मारा। किसी का ''बैक गेयर'' काम नहीं कर रहा था तो किसी का ''परमिट'' रामनगर के लिए था लेकिन चल हल्द्वानी में रहा था। इसपर प्रशासन ने तीन स्कूलों के संचालन पर ''ब्रेक'' लगाने के आदेश दिए हैं।


नैनीताल डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार, शुक्रवार को एडीएम प्रशासन विवेक राय और आरटीओ गुरुदेव सिंह ने शहर में मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों की औचक जांच की। टीम ने देवभूमि मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग स्कूलों का निरीक्षण किया। देवभूमि के सिमुलेटर मशीन का बैक गेयर खराब था।

इसी के साथ ही परिवहन विभाग ने दो दिन पूर्व ही पर्वतीय मार्गों पर पृष्ठांकन में अनियमितता पर नोटिस जारी किया था। इसी तरह जय दुर्गा मोटर स्कूल में दो दिन के रिफ्रेशर कोर्स में सर्टिफिकेट जारी करने में गड़बड़ी पकड़ी गई। इसके अलावा इन स्कूलों में ऑनलाइन पोर्टल संचालित नहीं पाए गए।

एक व्यक्ति ने ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण के नाम पर फीस जमा कराने की शिकायत पर जांच की गई। इसमें संबंधित संस्थान का लाइसेंस निरस्त पाया गया तो फीस के नाम पर लिए गए 1100 रुपये भी वापस कराए गए। इसके इतर, निर्मल मोटर ट्रेनिंग स्कूल का पंजीयन रामनगर के लिए हुआ था लेकिन हल्द्वानी में भी ऑफिस खोला हुआ था हालांकि कोई भी ट्रेनी मौके पर नहीं मिला।

नियमानुसार सिर्फ रामनगर में ही काम कर सकता है। इसके बाद टीम ने कुमाऊं मोटर ट्रेनिंग स्कूल का जायजा लिया, जो सभी मानकों पर खरा निकला। इसके बाद एडीएम राय ने जय दुर्गा, देवभूमि और निर्मल मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों के संचालन पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। एडीएम ने जनता से अपील करते हुए कहा कि परिवहन विभाग संबंधित कामकाज के लिए सीधे आरटीओ कार्यालय के माध्यम से ही कराएं ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी एवं अनियमितता से बचा जा सके। इस दौरान एसडीएम प्रमोद कुमार, एआरटीओ एके सिंह, तहसीलदार कुलदीप पांडे आदि रहे।

देहरादून भेजी रिपोर्ट, संचालन की अनुमति निरस्त करें या निलंबित
आरटीओ गुरुदेव सिंह ने बताया कि तीनों मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के निर्देश दिए हैं। इसी के साथ ही उनकी रिपोर्ट परिवहन मुख्यालय देहरादून भी भेज दी गई है ताकि इन स्कूलों के संचालन के निरस्तीकरण या निलंबन पर निर्णय लिया जा सके।

संबंधित समाचार