गोंडा में मंदबुद्धि युवक ने दिव्यांग भाई को उतारा मौत के घाट, वारदात के बाद रात भर शव के साथ सोता रहा आरोपी
गोंडा, अमृत विचार: गोंडा के धानेपुर थाना क्षेत्र के पृथ्वी पाल ग्रांट ग्राम पंचायत के महतोडीह मजरे में शुक्रवार देर मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जा रहे छोटे भाई ने अपने दिव्यांग व मंदबुद्धि बड़े भाई की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी भाई शव के पास ही सो गया। सुबह परिवार के लोगों को घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जाता है कि शुक्रवार देर रात करीब दो बजे 26 वर्षीय विराट तिवारी ने अपने बड़े भाई 39 वर्षीय सुमित तिवारी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब परिजन जागे तो सुमित को मृत अवस्था में पाया। पूछताछ में विराट ने खुद ही हत्या की बात स्वीकार कर ली।
इसके बाद परिवार वालों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही धानेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
परिजनों के अनुसार मृतक सुमित तिवारी लगभग 90 प्रतिशत दृष्टिबाधित थे और मानसिक रूप से भी कमजोर थे। करीब दस वर्ष पहले उनकी शादी इटियाथोक क्षेत्र के एक गांव में हुई थी, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण शादी के एक वर्ष बाद ही पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उनका दोबारा विवाह नहीं हुआ।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विराट तिवारी भी मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर राहगीरों पर ईंट-पत्थर फेंकता रहता था। ग्रामीण उसे विक्षिप्त समझकर नजरअंदाज कर देते थे। थानाध्यक्ष अरविंद यादव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया दोनों भाइयों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
