Mother's Day : गोंडा में स्कूली बच्चों ने मनाया मातृ दिवस, माताओं के सम्मान में पेश की भावपूर्ण प्रस्तुतियां
गोंडा, अमृत विचार: मदर्स डे की पूर्व संध्या पर शनिवार को हर्रैया स्थित लिटिल वंडर्स स्कूल में माताओं के सम्मान में बच्चों की तरफ से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित की गई। कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त कर सभी का दिल जीत लिया।कार्यक्रम की तैयारी विद्यालय की शिक्षिकाओं के निर्देशन में की गई थी, जिसकी सभी ने सराहना की। बच्चों ने गीत, नृत्य और भावनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए यह संदेश दिया कि मां का स्थान जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोग बच्चों की प्रस्तुति देखकर भाव-विभोर हो उठे। विद्यालय की छात्रा अनन्या सिंह, अर्पिता, कावया, शुभी, खुशी, सृष्टि, सौम्या एवं आराध्या की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उल्लास और भावनाओं से भर दिया। विद्यालय की निदेशक डॉ. शालिनी सिंह ने सभी बच्चों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर भी प्रदान करती हैं। इस दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य दुर्गेश प्रताप सिंह समेत स्कूल के सभी शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
