लखनऊ में बनेगी एको हाई-टेक नर्सरी, 1.2 हेक्टेयर में वैज्ञानिक तरीके से तैयार होंगे देश-विदेश के उन्नत पौधे

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम कुर्सी रोड स्थित बसहा गांव में हाई-टेक नर्सरी बना रहा है। 1.2 हेक्टेयर में विकसित की जा रही इस नर्सरी में वैज्ञानिक तरीके से पौधे तैयार किये जाएंगे। नर्सरी में सबसे पहले पौधों के लिए पोषक मीडिया तैयार किया जाएगा और ट्रे की सफाई की जाएगी। इसके बाद अत्याधुनिक मशीनों की मदद से बीजों की बुवाई होगी। अंकुरण के लिए विशेष जर्मिनेशन चैंबर तैयार किया जा रहा है, जहां तापमान और नमी को नियंत्रित रखा जाएगा। इससे हर महीने बड़ी संख्या में स्वस्थ पौधे तैयार किए जा सकेंगे।

महापौर सुषमा खर्कवाल एवं अपर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने शनिवार शाम निर्माणाधीन नर्सरी का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि नर्सरी में देश-विदेश की उन्नत किस्मों के फूल, सब्जियां और सजावटी पौधे तैयार किए जाएंगे। आम नागरिक यहां से अच्छी गुणवत्ता वाले पौधे किफायती दरों पर खरीद सकेंगे।

पौधों की सुरक्षा के लिए बन रहे पॉलीहाउस और शेडनेट हाउस

अंकुरित पौधों को मजबूत बनाने के लिए हार्डनिंग चैंबर की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही पौधों को सुरक्षित रखने के लिए पॉलीहाउस, ग्रीन शेडनेट हाउस और पॉली टनल बनाए जा रहे हैं। ये संरचनाएं पौधों को अत्यधिक गर्मी, बारिश और कीटों से सुरक्षा प्रदान करेंगी। नर्सरी में एक बड़ा ओपन फील्ड क्षेत्र भी विकसित किया जा रहा है, जहां पौधों की गुणवत्ता और क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।

सौर ऊर्जा से संचालित होगी नर्सरी

नर्सरी सौर ऊर्जा से संचालित होगी। इसके लिए 20 किलोवाट क्षमता का ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट लगाया जा रहा है। पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था होने के कारण इसे “इको हाई-टेक नर्सरी” नाम दिया गया है। इससे ऊर्जा की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

संबंधित समाचार