Moradabad:मौसम में और बढ़ सकती है तपन, लू से फिलहाल राहत

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन में तेज धूप और बढ़ती गर्मी से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, हालांकि फिलहाल लू से कुछ राहत बनी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ सकता है, जिससे तपन बढ़ेगी।

दोपहर के समय सड़कों पर निकलने वाले लोग सिर ढककर और चेहरे को कपड़े से ढंककर सफर करते नजर आए। बाजारों में भी दोपहर के समय भीड़ कम रही, जबकि शाम ढलने के बाद लोगों की आवाजाही बढ़ गई। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में नारियल पानी, बेल का शरबत, गन्ने का रस और शिकंजी की दुकानों पर भीड़ देखने को मिली। सिविल लाइंस में नारियल पानी बेचने वाले सुनील ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में बिक्री में तेजी आई है। 

वहीं बेल के शरबत और गन्ने के रस की मांग भी लगातार बढ़ रही है। लोग शरीर को ठंडा और तरोताजा रखने के लिए इन प्राकृतिक पेय पदार्थों को प्राथमिकता दे रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि बढ़ती गर्मी में अधिक पानी पीना चाहिए और खाली पेट धूप में निकलने से बचना चाहिए। दोपहर के समय पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा जैसा माहौल दिखाई दिया। वहीं बच्चे और युवा शाम के समय घरों से बाहर निकलते नजर आए। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है।

संबंधित समाचार