''कटियाबाज'' पोस्टर वार के बीच सपा पर ऊर्जा मंत्री का हमला, कहा- अखिलेश राज में ‘कटियाबाजों’ को मिला संरक्षण
लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश भर में अज्ञात लोगों द्वारा समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को ''कटियाबाज'' बताते हुए लगाए गए पोस्टरों के बीच अब योगी सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भी तीखा हमला बोला है। कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश के बिजली तंत्र को पूरी तरह बर्बाद करने का काम किया था। आरोप लगाया कि सपा शासन में नेताओं, गुंडों और माफियाओं को ''कटिया मारकर बिजली चलाने'' का खुला लाइसेंस था। प्रदेश के पूरे बिजली ईको सिस्टम में ''बबूल'' बोने का काम किया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सपा शासन में नेताओं और उनके करीबी लोगों को कटियाबाजी कर मुफ्त बिजली बांटने की खुली छूट थी। ''हर जगह इनके गुंडे और माफिया बिजली के वितरक बन गए थे। खुद कटियाबाजी करते थे और दूसरों को भी कटियाबाजी करवाते थे।'' उन्होंने दावा किया कि संभल और मथुरा समेत कई जिलों में सुनियोजित ढंग से बिजली चोरी कराई जाती थी, लेकिन योगी सरकार ने ऐसे कटियाबाजों पर कड़ी कार्रवाई कर लगाम लगाने का काम किया।
एके शर्मा ने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने बिजली खरीद में भी घोटाले किए। उन्होंने कहा कि आज सरकार जिस दर पर बिजली खरीद रही है, उससे भी ज्यादा महंगी दरों पर सपा सरकार ने बिजली खरीद के करार किए थे। इसका खामियाजा आज भी प्रदेश की जनता भुगत रही है और आने वाले वर्षों तक लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
जर्जर तार और खराब ट्रांसफॉर्मर थे सपा की देन
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सपा सरकार के समय लगाए गए ट्रांसफॉर्मर, तार और खंभे बेहद खराब गुणवत्ता के थे, जो आए दिन फुंक जाते थे। आज भी प्रदेश जिन खराब तारों और जर्जर खंभों की समस्या से जूझ रहा है, वह सपा सरकार की ही देन है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने पिछले वर्षों में बिजली व्यवस्था में बड़े सुधार किए हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को बेहतर बिजली ढांचा देने का काम लगातार जारी है।
योगी सरकार ने तकनीक से सुधारी व्यवस्था
उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने इन भ्रष्ट व्यवस्थाओं को सुधारने का बीड़ा उठाया है। तकनीकी सुधारों और डिजिटल सिस्टम के जरिए मानवीय हस्तक्षेप कम किया गया ताकि भ्रष्टाचार पर रोक लग सके और जनता को राहत मिले।
बिना मेरिट भर्तियों से बढ़ा भ्रष्टाचार
उन्होंने आरोप लगाया कि बिना मेरिट और गलत तरीके से भर्तियां की गईं, जिसके चलते भ्रष्टाचार की जड़ें मजबूत हुईं। ऐसे कर्मचारियों ने पहले दिन से ही जनता को लूटने का काम शुरू कर दिया था और हर स्तर पर उपभोक्ताओं का शोषण हुआ। एके शर्मा ने सपा सरकार पर बिजली विभाग के कर्मचारियों के भविष्य निधि घोटाले का भी आरोप लगाया।
