Sitapur Encounter : पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, लाखों के जेवरात और नकदी बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले की अटरिया पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह एक सशस्त्र मुठभेड़ के दौरान 50-50 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से करीब सात लाख रुपये मूल्य के जेवरात, 2700 रुपये नकद, दो तमंचे तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है।

अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि अटरिया थाना क्षेत्र में नहर कोठी के पास पुलिस और एसओजी टीम वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैरों में लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार घायल बदमाशों की पहचान मोहम्मद फरीद निवासी सरया बाड़ी थाना सिधौली तथा बैजनाथ उर्फ धीरज निवासी नंद वन थाना सधना के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, इन बदमाशों के पांच अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

गिरोह ने ग्राम रानुआपुर निवासी पंकज शुक्ला तथा कस्बा अटरिया में महादेव विश्वकर्मा की दुकान से करीब एक लाख 80 हजार रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय भेज दिया है।

संबंधित समाचार