Bulandshahr News : बुलंदशहर में यूरिया की कालाबाजारी का खुलासा, तीन ट्रक पकड़े

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में कृषि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूरिया कालाबाजारी के मामले का खुलासा कर 1567 बोरे यूरिया से जुड़े प्रकरण में तीन ट्रकों को पकड़ा है। जिला कृषि अधिकारी आर.के. यादव ने सोमवार को बताया कि बीती देर रात सरकारी संस्था पीसीएफ गोदाम से यूरिया की कालाबाजारी किए जाने की सूचना मिलने पर कृषि विभाग की टीम को सक्रिय किया गया। 

सूचना के आधार पर गोदाम पर निगरानी बढ़ाई गई, जहां गैर जिलों के ट्रकों में यूरिया की लोडिंग होती पाई गई। उन्होंने बताया कि टीम ने अनूपशहर गंगा पुल के पास यूरिया से लदे तीन ट्रकों को पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रकों के माध्यम से यूरिया को रामपुर और सम्भल भेजा जा रहा था। मौके से चालक एवं तस्करों को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया गया। 

प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि पीसीएफ गोदाम से यूरिया 400 रुपये प्रति बोरा की दर से खरीदा गया था, जबकि उसका सरकारी निर्धारित मूल्य 286 रुपये प्रति बोरा है। इससे कालाबाजारी और अवैध मुनाफाखोरी की आशंका जताई जा रही है।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि मामले में खाद माफियाओं के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।  

संबंधित समाचार