प्रयागराज में भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव, कहा- देश की खराब आथिक स्थिति के लिये केंद्र जिम्मेदार
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल और सोना खरीदने को लेकर की गई अपील को गलत बताते हुए देश की खराब आर्थिक स्थिति के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
मंगलवार को प्रयागराज पहुंचे अखिलेश यादव ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा कि देश की अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और रुपये की कीमत गिरती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से पेट्रोल-डीजल की बचत और सोना न खरीदने की अपील देश की आर्थिक स्थिति के पतन का संकेत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा खुद देश के लिए संकट बन गई है।
सपा सांसद अजेंद्र लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए विवादित बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि इस्तेमाल की गई भाषा गलत थी और समाजवादी पार्टी उसका समर्थन नहीं करती। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के शब्दों का प्रयोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि "लोधी जी का दुख दिल से बाहर आया है, लेकिन भाषा गलत थी।"
इस दौरान अखिलेश यादव ने सपा की बागी विधायक पूजा पाल पर भी तंज कसते हुए कहा कि "उन्हें तो डिप्टी सीएम बना देना चाहिए था।" पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रयागराज में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के आवास भी पहुंचे। वहां उन्होंने रीता बहुगुणा जोशी के पति स्वर्गीय पूरनचंद जोशी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
