Moradabad:सुबह से तल्ख हुए धूप के तेवर, परेशान हुए लोग, अधिकतम तापमान 36 डिग्री

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दो दिन की कड़ी धूप के बाद मौसम के तेवर एक बार फिर तल्ख होने लगे हैं। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। दोपहर होते-होते सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। बाजारों, चौराहों और मुख्य मार्गों पर लोगों को सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर निकलते देखा गया।

अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय कुछ देर के लिए हवा चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन उमस ने परेशान किए रखा। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और दफ्तर से आने-जाने वाले लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पतालों में भी सिर दर्द, थकान, डिहाइड्रेशन और बेचैनी जैसी शिकायत लेकर मरीज पहुंचते रहे। 

शहर के बाजारों में दोपहर के समय भीड़ अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। आसमान में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। हालांकि तापमान में बहुत अधिक गिरावट के आसार नहीं हैं। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

 

संबंधित समाचार