Bareilly:ठेले पर मरीज ले जाने के मामले में जांच कमेटी गठित, डीएम ने डॉक्टर को भेजा नोटिस
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल परिसर में मरीज को ठेले पर ले जाने का वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम सिटी, एडीएम एफआर और सीएमओ की तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मरीज को रेफर करने वाले डॉक्टर को नोटिस जारी कर दिया गया है और जांच में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ अमानवीय व्यवहार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मरीज को बिना स्ट्रेचर और एंबुलेंस सुविधा के ठेले पर ले जाया जाता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए और मामला तेजी से तूल पकड़ गया। विपक्षी दलों ने भी सरकार और स्वास्थ्य विभाग को निशाने पर ले लिया। विपक्षी नेताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तीखी टिप्पणी की।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बोले आरोपियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
बृजेश पाठक ने बरेली जिला अस्पताल में मरीज को ठेले पर लाने के वायरल वीडियो पर सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीर मानते हुए उन्होंने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी और इमरजेंसी वार्ड से लेकर मुख्य गेट तक की गतिविधियों की पड़ताल करेगी। जांच रिपोर्ट सीधे स्वास्थ्य मंत्री को सौंपी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग यह पता लगाएगा कि मरीज के अस्पताल पहुंचने के दौरान एम्बुलेंस और स्ट्रेचर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध थीं या नहीं। साथ ही ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सूत्रों के अनुसार बर्खास्तगी तक की कार्रवाई हो सकती है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि गरीब मरीजों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। घटना के बाद जिला अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। इससे पहले भी अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं और एम्बुलेंस व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं।
