बाराबंकी : आवास में फंदे से लटका मिला महिला मुख्य आरक्षी का शव

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मसौली/ बाराबंकी। थाना क्षेत्र स्थित 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर के सरकारी आवास में मंगलवार शाम महिला मुख्य आरक्षी का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतका ने आत्महत्या का कारण निजी परेशानी बताया है।

बताया गया कि कमिश्नरेट कानपुर में तैनात महिला मुख्य आरक्षी शिल्पी यादव (32) तीरंदाजी खिलाड़ी थीं और पिछले कुछ महीनों से 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर में रहकर टीम के साथ अभ्यास कर रही थीं। मंगलवार शाम वह प्रैक्टिस के लिए ग्राउंड नहीं पहुंचीं तो साथी खिलाड़ी उनके सरकारी आवास पर पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

अनहोनी की आशंका पर कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां शिल्पी का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पर मसौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका मूल रूप से जनपद इटावा की निवासी थीं। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। 

जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय एवं अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार मृतका की शादी हो चुकी थी और करीब दो वर्ष पूर्व उनका तलाक हो गया था। कमरे से मिले सुसाइड नोट को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

 

संबंधित समाचार