सपा मुखिया अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन : गंभीर हालत में ले जाया गया था अस्पताल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमृत विचार, लखनऊ : समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष, भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। प्रतीक यादव को सुबह करीब 6 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रतीक यादव की मौत से यादव परिवार और राजनीतिक गलियारों में शोक छा गया। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भाई की मौत की खबर सुनकर सिविल अस्पताल पहुंचे। 

प्रतीक यादव की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध हैं। केजीएमयू में उनका पोस्टमार्टम चल रहा है। 38 वर्षीय प्रतीक यादव फिटनेस के क्षेत्र में सक्रिय थे और लखनऊ में अपना जिम चलाते थे। 

पिछले महीने 30 अप्रैल को भी प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ी थी, तब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। और अब उनकी मौत की खबर सामने आई है। 

सिविल अस्पताल के सीएमएस ने अपने बयान में कहा कि प्रतीक यादव को सुबह अस्पताल लाया गया था, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। 


प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। नेताजी ने धूमधाम के साथ प्रतीक यादव का विवाह किया था। सैफई का ये जश्न आज भी लोगों को याद है। 

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव, भाजपा में हैं। पिछले दिनों प्रतीक यादव की एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें उन्होंने अपर्णा पर परिवार से दूरियां पैदा करने का आरोप लगाया था। हालांकि बाद में प्रतीक ने खुद इस पर सफाई दी और पति-पत्नी के बीच सब कुछ ठीक होने की बात कही थी। 

लेकिन अब उनकी मौत की खबर ने राजनीतिक गलियारों में शोक ला दिया है।  प्रतीक यादव के करीबी और उन्हें जानने वाले उनकी मौत से दंग हैं, इसलिए भी क्योंकि प्रतीक यादव फिटनेस को लेकर बहुत ही अलर्ट थे। वह खुद फिटनेस क्षेत्र में सक्रिय थे। राजनीत में कभी भी दिलचस्पी नहीं दिखाई। 

यूपी के सबसे बड़े सियासी परिवार से संबंध रखने वाले प्रतीक यादव राजनीति से हमेशा दूरी बनाए रहे। उन्होंने यह मैदान अपने बड़े भाई अखिलेश यादव के लिए हमेशा खुला रखा। 

दोनों भाईयों के बीच अच्छे रिश्ते थे। राजनीतिक जानकार कहते हैं कि प्रतीक यादव अपने भाई अखिलेश यादव का हमेशा बड़ा सम्मान करते थे। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण', स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

 

लंदन से शिक्षा: प्रतीक ने ब्रिटेन की मशहूर 'लीड्स यूनिवर्सिटी' से अपनी उच्च शिक्षा पूरी की थी।
रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस: वे लखनऊ के एक बड़े रियल एस्टेट कारोबारी थे और गोमती नगर इलाके में 'द फिटनेस प्लानेट' नाम से एक हाई-टेक जिम के मालिक थे।
पशु प्रेमी: प्रतीक को बेजुबान जानवरों से गहरा लगाव था। वे 'जीव आश्रय' नाम की एक गैर-सरकारी संस्था (NGO) चलाते थे, जो लखनऊ और आसपास के इलाकों में बीमार व लावारिस स्ट्रीट डॉग्स का इलाज, रेस्क्यू और भोजन की व्यवस्था करती है।

14 साल पहले अपर्णा यादव से की थी हाई-प्रोफाइल लव-मैरिज

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश की जानी-मानी राजनीतिज्ञ हैं। अपर्णा वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ नेता हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। प्रतीक और अपर्णा की लव स्टोरी साल 2001 में एक स्कूल फ्रेंड की बर्थडे पार्टी से शुरू हुई थी, जिसके बाद दोनों में ई-मेल के जरिए लंबी बातचीत का सिलसिला चला।

इसके बाद 4 दिसंबर 2011 को दोनों ने मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई (इटावा) में बेहद धूमधाम से शादी की थी। इस हाई-प्रोफाइल शादी में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और देश की बड़ी-बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। प्रतीक और अपर्णा की दो बेटियां हैं।

संबंधित समाचार