UP:पुलिस की बदमाशों से हुई मुठभेड़, गोली लगने से दो बदमाश घायल, तीन ने किया सरेंडर
बिलासपुर, अमृत विचार। बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। जबकि तीन बदमाशों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो मोटर साइकिलें, दो तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, दो खोखे, तीन चाकू, चार मोबाइल फोन और पंद्रह हजार रुपये की नकदी आदि बरामद की है। वहीं पुलिस ने बताया पकड़े गए पांचों बदमाशों फार्म स्वामी के कर्मचारी के साथ हुई 45 हजार रुपये की लूट की घटना में शामिल थे।
प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया मंगलवार की देर रात वह रूद्र-बिलास चौकी प्रभारी योगेश कुमार सहित पुलिस कर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान गांव मनिहारखेड़ा रोड पर दो बाइकों पर पांच युवक आते दिखें। पुलिस ने जब इनको रूकने का इशारा किया तो, उक्त बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल में भागने लगे। तभी पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए जसपाल उर्फ जस्सा निवासी ग्राम कोटा अलीनगर, मंदीप सिंह निवासी गोकुलनगरी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
जबकि हर्षदीप सिंह, अमृत सिंह गज्जू निवासीगण कोटा अलीनगर, जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा निवासी गोकुलनगरी आदि ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में पुलिस ने घायल बदमाशों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी दीपक कुमार, उपनिरीक्षक एसओजी टीकाराम चौहान, उपनिरीक्षक केशु शर्मा, उपनिरीक्षक आकिल हुसैन, आशीष राणा आदि मौजूद रहे।
