Moradabad: प्रॉपर्टी डीलर के घर डकैती अंजाम देने वालों के करीब पहुंची पुलिस की जांच
मुरादाबाद, अमृत विचार। नागफनी थाना क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में प्रॉपर्टी डीलर व पीतल कारोबारी इमरान के घर में हुई डकैती के मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ी है। हालांकि पीड़ित इमरान के द्वारा पैसे उधार लेने की बात झूठी साबित हुई है। क्योंकि पुलिस की पूछताछ में पैसे उधार देने वालों ने इंकार कर दिया है। एसएसपी की मानें तो पुलिस डकैती के खुलासे के बेहद करीब है। घटना की कहानी के आधार पर पुलिस की शक की सुई परिवार या उससे जुड़े लोगों की ओर ही घूम रही है। इमरान के घर पर पुलिस ने गोपनीय रूप से जाल बिछा रखा है। इसमें कई महत्वपूर्ण क्लू पुलिस को मिल रहे हैं।
नागफनी थाना क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में प्रॉपर्टी डीलर व पीतल कारोबारी के घर में सोमवार तड़के नकाबपोश डकैतों ने हथियारों के बल पर गृहस्वामी व परिवार के अन्य सदस्यों को बंधक बनाकर 1.20 करोड़ रुपये की नकदी व छह तोला के जेवरात लेकर भाग निकले थे। इस बड़ी घटना का अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि मौके पर एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा को भी सोमवार को आना पड़ा था। मंगलवार की शाम तक पुलिस की जांच डकैती का प्लान करने के साथ घटना को अंजाम देने वाल पीड़ित के परिजनों पर रुक गई है। एसएसपी सतपाल अंतिल का कहना है कि पुलिस हर दिश में काम कर रही है। जांच में कुछ फोन नंबर की डिटेल पीड़ित के परिजनों की निकली। जिनसे पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है। इसमें कुछ चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। एसएसपी के अनुसार घटना को अंजाम देने वाले पुलिस के अगले कदम पर सामने आ जाएंगे।
