Bareilly: दूसरे दिन भी शहर से देहात तक आंधी-बारिश का कहर, छात्रा और बुजुर्ग महिला की मौत
बरेली, अमृत विचार। शहर से लेकर देहात तक लगातार दूसरे दिन आंधी और बारिश का कहर देखने को मिला। बुधवार सुबह आंधी और बारिश ने भमोरा इलाके में दो लोगों की जान ले ली। अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से छात्रा और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
बुधवार सुबह एक बार फिर आसमान में काले घने बादल छा गए। तेज आंधी शुरू हुई तो लोगों ने सर के नीचे छत तलाशना शुरू कर दी। आंधी की वजह से कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह करीब 11:30 बजे तेज आंधी के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। शहर में कई जगह यूनीपोल और पेड़ धराशायी हो गए।
भमोरा थाना क्षेत्र में कक्षा 7 की छात्रा देवकी की पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई। वहीं ईट गिरने से उसकी चपेट में आई 62 वर्षीय गोमती पत्नी पूरनलाल ने दम तोड़ दिया। जबकि पीपल का पेड़ गिरने से एक भैंस और बछड़े की भी मौत हो गई। इसके अलावा दो स्कूली बसे पेड़ गिरने से हुई शतिग्रस्त हुईं।
