मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में पोषण पर भी रहेगा विशेष जोर, अपर मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की
लखनऊ, अमृत विचार: चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में अब पोषण को भी प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। इसके लिए बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के साथ समन्वय कर प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
अपर मुख्य सचिव बुधवार को वर्चुअल माध्यम से मिर्जापुर और वाराणसी मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर और सोनभद्र में मिली कमियों को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही औचक निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। चिकित्सकों को ड्यूटी के अनुसार स्वास्थ्य केंद्रों पर रात्रि विश्राम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
अमित कुमार घोष ने न्यूनतम खाद्य तेल के उपयोग, पानी के संरक्षण और ऊर्जा बचत पर बल दिया। साथ ही स्वास्थ्य इकाइयों में एयर कंडीशनर 25 से 27 डिग्री सेल्सियस पर चलाने तथा कार पूलिंग अपनाने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर आधारभूत संरचना, उपकरण रखरखाव और मानव संसाधन से जुड़ी कमियां पाई गईं, जिन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
1534 स्वास्थ्य इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण
मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने बताया कि 88 टीमों ने वाराणसी और मिर्जापुर मंडलों की 3,178 स्वास्थ्य इकाइयों में से 1,534 इकाइयों का निरीक्षण किया। इनमें जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले शामिल रहे।
ये भी पढ़ें :
EPF-ESI Scam: समय पर नहीं जमा कर रही कार्यदाई संस्था, लखनऊ के मार्ग प्रकाश विभाग में तैनात सैकड़ों कर्मचारियों व ड्राइवरों का पैसा फंसा
