बाराबंकी : मामा नहर पुल पर चला सघन वाहन चेकिंग अभियान, 50 वाहनों के चालान

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से देवा पुलिस ने गुरुवार को कस्बा स्थित मामा नहर पुल पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व कोतवाली प्रभारी यशकांत सिंह ने किया। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, सीट बेल्ट न लगाने, गलत दिशा में वाहन चलाने और आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर करीब 50 वाहनों के चालान किए गए। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक मार्ग बदलते नजर आए। कोतवाल ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही जानलेवा हो सकती है।

उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा नाबालिगों को वाहन न देने की भी सलाह दी। अभियान में यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक सुमित वर्मा, हरिश्चन्द्र यादव, अदनान खान सहित पुलिस टीम मौजूद रही।

संबंधित समाचार