Bhadohi News: नौकरी के नाम पर देह व्यापार.... मारपीट और हत्या की धमकी देने वाले आरोप पर मामला दर्ज 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

भदोहीः भदोही जिला मुख्यालय के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक स्पा सेंटर में नौकरी देकर एक महिला पर देह व्यापार का दबाव बनाने और मना करने पर मारपीट कर हत्या की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के अनुसार आजमगढ़ जिले की 25 वर्षीय विधवा महिला की शिकायत पर पुलिस ने स्पा मालिक सुजीत कुमार यादव के खिलाफ बृहस्पतिवार देर शाम शहर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) और 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि महिला पिछले एक महीने से रजपुरा इलाके के स्पा सेंटर में काम कर रही थी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि महिला की मुलाकात जौनपुर निवासी सुजीत कुमार यादव से आजमगढ़ में हुई थी। सुजीत ने खुद को भदोही के रजपुरा स्थित स्पा सेंटर का मालिक बताकर उसे नौकरी देने का वादा किया। उन्होंने बताया नौकरी के नाम पर महिला उसके साथ यहां उसके स्पा सेंटर में आई और एक महीने से काम कर रही थी।

महिला के अनुसार, सुजीत ने उस पर अन्य लड़कियों की तरह देह व्यापार करने का दबाव बनाया। इनकार करने पर उसने गाली-गलौज कर बाल खींचे, जमीन पर पटककर मारा और देह व्यापार न करने पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार