'देश रहेगा तो हम सब रहेंगे', मुख्यमंत्री योगी बोले-यूपी अब विकास यात्रा का इंजन
कहा- पश्चिम एशिया संकट पर सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी ईंधन बचत, कार पूलिंग और रिन्यूएबल एनर्जी अपनाने का आह्वान
लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश रहेगा तो हम सब रहेंगे, प्रदेश सुरक्षित रहेगा तो हम सब सुरक्षित रहेंगे। संकट के समय देशहित सर्वोपरि होना चाहिए। प्रधानमंत्री की अपील को गंभीरता से पढ़कर और समझकर ही निष्कर्ष निकालना चाहिए। पश्चिम एशिया में उत्पन्न संकट का असर ईंधन, खाद्य और उर्वरक आपूर्ति पर पड़ सकता है। ऐसे समय कोविड-19 की तरह सामूहिक जिम्मेदारी निभाने और राष्ट्रीय भावना के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।
लखनऊ के एक होटल में गुरुवार को आयोजित कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री योगी ने नागरिकों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कार पूलिंग, मेट्रो, इलेक्ट्रिक व्हीकल और रिन्यूएबल एनर्जी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को प्रश्न प्रदेश बना दिया गया था। दंगे, माफिया राज, भ्रष्टाचार, पलायन और किसानों की बदहाली आम बात थी।
डबल इंजन सरकार बनने के बाद कानून व्यवस्था, बिजली, सड़क, सिंचाई और निवेश पर फोकस किया गया। आज विकास केवल लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर तक सीमित नहीं, बल्कि सभी 75 जिलों और 58 हजार ग्राम पंचायतों तक पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश की विकास यात्रा का इंजन बन चुका है। देश के 60 प्रतिशत एक्सप्रेसवे यूपी में हैं। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गंगा एक्सप्रेसवे तैयार हैं। जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनकर तैयार है और 15 जून से उड़ानें शुरू होंगी।
कृषि वृद्धि दर 8 से बढ़कर 18 प्रतिशत तक पहुंची है और गन्ना किसानों का 92 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां सक्रिय हैं, जिनसे करीब तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। 75 हजार एकड़ का लैंड बैंक तैयार किया गया है और 34 सेक्टरों के लिए अलग-अलग नीतियां बनाई गई हैं। अब यूपी निवेश का सबसे भरोसेमंद गंतव्य बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और पेपर लीक व नकल को संज्ञेय अपराध बनाकर कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं रात में भी सुरक्षित महसूस करती हैं। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.20 लाख रुपये से अधिक हो चुकी है, जबकि जीएसडीपी 12 लाख करोड़ से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है।
बालिग होती पीढ़ी को सही जानकारी देना आवश्यक
मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिग होती पीढ़ी को प्रदेश के बारे में सही जानकारी देना आवश्यक है। 500 से 1500 वर्ष पूर्व तक भारत की विश्व अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी 44-45 प्रतिशत थी, कारण था जीवन के हर क्षेत्र में सामूहिकता, समन्वय और परस्पर सहयोग। भारतीय कारीगर और व्यापारी विश्व बाजार तक अपनी वस्तुओं को पहुंचाते थे। खेती, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन की व्यापक संभावनाओं के कारण भारत विश्व की आर्थिक महाशक्ति बना।
आक्रमणों के बावजूद भारत अस्तित्व बचाने में सफल
मुख्यमंत्री ने कहा कि हजार वर्षों के आक्रमणों, अत्याचारों और शोषण के बावजूद भारत अपने अस्तित्व और संस्कृति को बचाए रखने में सफल रहा, जो दुनिया में कम ही देखने को मिलता है। जब हमने अपने संसाधनों, ज्ञान और नवाचार पर विश्वास करना छोड़ दिया, रिसर्च एवं डेवलपमेंट को उपेक्षित किया तो पिछड़ते गए। उस समय जीवन इस तरह व्यवस्थित था कि कोई किसी पर बोझ न बने। यही कारण था कि भारत विश्व गुरु बना।
