पश्चिमी यूपी में धार्मिक पर्यटन को मिलेगी रफ्तार, बरेली-बदायूं को पर्यटन परियोजनाओं के लिए 52 करोड़ की सौगात
मंदिरों के कायाकल्प से लेकर द्रौपदी स्वयंवर थीम पार्क तक, कई नई योजनाओं का शिलान्यास
लखनऊ/बरेली, अमृत विचार : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने बरेली और बदायूं में 52 करोड़ रुपये से अधिक की पर्यटन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बरेली में 3.27 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिनमें श्री खुराफात धाम, प्राचीन शिव मंदिर और नवाबगंज स्थित भगवान शिव मंदिर का विकास शामिल है।
साथ ही 22.53 करोड़ रुपये की 14 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें अहिच्छत्र के समेकित पर्यटन विकास, लीलौर झील का ईको-टूरिज्म विकास और महाभारत कालीन द्रौपदी स्वयंवर थीम पार्क जैसी योजनाएं प्रमुख हैं। इसके अलावा त्रिवटीनाथ मंदिर, बड़ा बाग हनुमान मंदिर, रामजानकी मंदिर और चित्रगुप्त मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जाएंगे।
वहीं बदायूं में 4.10 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें गंगा देवी मईया मंदिर, दुर्गा देवी भवन मंदिर, परी माता मंदिर और मलाई देवी मंदिर के विकास कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही 22.36 करोड़ रुपये की छह परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें सबसे बड़ी परियोजना कछला गंगा घाट के विकास की है, जिस पर लगभग 17.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नाथ कॉरिडोर का भी लिया जायजा
पर्यटन मंत्री ने बरेली में 60 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली नाथ कॉरिडोर परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
