हरदोई में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा, दो बच्चों की डूबने से मौत, 3 को ग्रमीणों ने बचाया

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

हरदोई। उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बिलग्राम क्षेत्र में गुरुवार रात गंगा स्नान के दौरान हुए हादसे में एक किशोर और किशोरी की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद लापता किशोर का शव बरामद कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के म्योरा गांव स्थित देवी मंदिर पर आयोजित भागवत कथा की कलश यात्रा नोखेपुरवा गंगा घाट पहुंची थी। इस दौरान श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे थे। तभी पांच बच्चे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। बच्चों को डूबता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर बचाव कार्य शुरू किया और स्नेहा (12) पुत्री महेंद्र, सोनम (11) पुत्री सोनू तथा अंशी (14) पुत्री राकेश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि संध्या (14) पुत्री रविशंकर और ओमजी पुत्र राजेश गंगा की तेज धारा में बह गए।

 घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों ने गुरुवार रात संध्या का शव बरामद कर लिया, जबकि ओमजी का पता नहीं चल सका। पूरी रात पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया।शुक्रवार सुबह कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर गंगा नदी से ओमजी का शव बरामद कर लिया।

एक ही गांव के दो बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृत बच्चों के शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसरा हुआ है। 

संबंधित समाचार