बरेली: आय का प्रमाण दिखाए बिना छात्रों को नहीं मिलेंगे स्वेटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बेसिक स्कूलों की तरह महाविद्यालयों के छात्रों को भी स्वेटर पाने के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। सर्दी का मौसम आधा गुजर चुका है लेकिन अभी तक बरेली कॉलेज में स्वेटर वितरित नहीं हुए हैं। छात्र संगठनों के विरोध के बाद स्वेटर बांटने की तैयारी तो शुरू कर दी है लेकिन …

बरेली, अमृत विचार। बेसिक स्कूलों की तरह महाविद्यालयों के छात्रों को भी स्वेटर पाने के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। सर्दी का मौसम आधा गुजर चुका है लेकिन अभी तक बरेली कॉलेज में स्वेटर वितरित नहीं हुए हैं। छात्र संगठनों के विरोध के बाद स्वेटर बांटने की तैयारी तो शुरू कर दी है लेकिन स्वेटर लेना छात्रों के लिए आसान नहीं होगा।

कॉलेज प्रबंधन ने स्वेटर के लिए आय की शर्त रख दी है। जिस छात्र के परिजनों की वार्षिक आय 48 हजार रुपये से अधिक है उसे स्वेटर नहीं मिलेगा। बरेली कॉलेज ने 2 जनवरी तक अंतिम तिथि आवेदन की रखी है लेकिन विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों में 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है।

बरेली कॉलेज प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने स्वेटर वितरण के संबंध में कुछ दिनों पहले एक नोटिस जारी किया था। इसमें कहा गया है कि स्नातक, स्नातकोत्तर, विधि एवं बीएड प्रथम वर्ष के जिन छात्र-छात्राओं के अभिभावकों की वार्षिक आय 48 हजार रुपये या उससे कम है वे स्वेटर के लिए 2 जनवरी तक छात्र कल्याण अधिष्ठाता के कार्यालय में शैलेश कुमार मिश्रा के पास आवेदन जमा करा दें। आवेदन के बाद स्वेटर वितरण समिति आगे की कार्रवाई करेगी।

सभी विभागीय प्रभारी व प्राध्यापकों, छात्र कल्याण अधिष्ठाता, कार्यवाहक कार्यालय अधीक्षक, महाविद्यालय के सभी सूचना पट्ट पर भी प्रतिलिपि भेजी गई है। इसके लिए छात्रों को आय का प्रमाण भी देना होगा। उसके बाद आवेदनों की जांच होगी और फिर स्वेटर वितरित किए जाएंगे। तब तक काफी देर हो चुकी होगी या कहें कि कड़ाके की ठंड लगभग खत्म हो चुकी होगी। तब कहीं जाकर स्वेटर मिल सकेंगे।

सर्दी-गर्मी के लिए जमा होते हैं 175 रुपये
बरेली कॉलेज में छात्रों के प्रवेश के दौरान उनसे अलग-अलग शुल्क लिया जाता है। इसमें सर्दी-गर्मी के लिए प्रति छात्र 175 रुपये जमा कराए जाते हैं। इसके अलावा निर्धन छात्र राहत कोष के लिए प्रत्येक छात्र से 12 रुपये जमा कराए जाते हैं। कुछ दिनों पहले छात्र संगठनों ने बरेली कॉलेज के प्राचार्य का घेराव करते हुए गरीब छात्रों के लिए स्वेटर वितरित करने की मांग की थी। इसके अलावा कॉलेज में अलाव जलाने की भी मांग की थी। इसके बाद ही कुछ जगह अलाव जलाने की व्यवस्था की गई और अब स्वेटर वितरण के लिए नोटिस जारी किया गया है।

संबंधित समाचार