Rampur : संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बिलासपुर (रामपुर) अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है।

थाना केमरी क्षेत्र के गांव मालनखेड़ा निवासी व मृतका के भाई जितेन्द्र राजपूत ने बताया कि उन्होंने बहन पुष्पा की शादी भोट थाना क्षेत्र के काजी की मडैया निवासी टाइल्स  मिस्त्री विशेष उर्फ बाबूराम से वर्ष 2013 में की थी। जिससे उसके पांच बच्चे हैं। बताया कि वर्तमान में उसकी बहन का परिवार सीमांत गांव दिबदिबा में कुछ वर्षों से रह रहा है।आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन और जीजा में छोटी छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। जिसको लेकर वह दो माह पूर्व बहन को अपने साथ घर ले आया था, कुछ जिम्मेदार व्यक्ति के कहने पर उन्होंने बहन को भेज दिया।

गुरुवार की रात साढ़े आठ बजे उसने जब बहन से बात करने के लिए फोन लगाया तो, उसके जीजा ने दो बार कॉल उठाकर घर से बाहर होने की बात कहकर फोन काट दिया। लगभग साढ़े नौ बजे उसके जीजा ने फोन कर बताया कि उसकी बहन ने फांसी लगा ली है।इससे परिवार में हड़कंप मच गया। साथ ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां पुलिस पहले ही पहुंच चुकी थी। आरोप है कि बहन की हत्या कर फांसी के फंदे पर लटकाया गया है।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

संबंधित समाचार