Moradabad : नहीं सुधरी बिजली आपूर्ति, कई क्षेत्रों में संकट बरकरार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दो दिन पहले आई तेज आंधी और बारिश से ध्वस्त हुई शहर की बिजली व्यवस्था अभी तक पटरी पर नहीं लौट सकी है। लगातार तकनीकी खामियों और विद्युत लाइनों में आ रही दिक्कतों के चलते उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। शुक्रवार को भी शहर के कई इलाकों में सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

शुक्रवार को 11 बजकर 37 मिनट पर विवेकानंद 133 केवी विद्युत केंद्र की सप्लाई अचानक फेल हो गई। इससे पीटीसी, पीवीआर, पीलीकोठी और दौलतबाग क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। इन विद्युत केंद्र से जुडे़ 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली तीन बजे तक बाधित रही। अचानक बिजली कटने से घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बुध बाजार और टैक्सी स्टैंड विद्युत केंद्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कई इलाकों में बार-बार बिजली कटौती हो रही है, जिससे पेयजल संकट के साथ-साथ कारोबार और घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं।

अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि विवेकानंद विद्युत केंद्र से जुड़ी लाइन में तकनीकी समस्या आने के कारण सप्लाई बाधित हुई। बिजली विभाग की टीमों द्वारा फॉल्ट तलाशने और आपूर्ति बहाल करने का कार्य किया जा रहा है। तकनीकी खामियों को दूर कर जल्द ही व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।

संबंधित समाचार