बाराबंकी : तहसील बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, न्यायाधिकारी बोले- पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाएं अधिवक्ता

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील सभागार में शुक्रवार को तहसील बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम न्यायालय के न्यायाधिकारी रवींद्र कुमार रावत ने अधिवक्ताओं से पीड़ितों को सुलभ, सस्ता और त्वरित न्याय दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने बार और बेंच के बेहतर तालमेल को न्याय व्यवस्था की सफलता के लिए आवश्यक बताया। 

समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता युगुल किशोर मिश्रा ने की, जबकि संचालन रामकुमार सोनी ने किया। पूर्व अध्यक्ष जुगल किशोर मिश्रा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। न्यायाधिकारी ने अधिवक्ताओं के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने कहा कि चुनाव में विजयी और पराजित सभी अधिवक्ता आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर कार्य करें और नियमों के तहत न्याय दिलाने में सहयोग करें। 

उन्होंने अधिवक्ता सभागार निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा और सहयोग का भरोसा दिया। उपजिलाधिकारी आनंद तिवारी ने नई कार्यकारिणी से बार-बेंच समन्वय मजबूत कर सुलभ न्याय सुनिश्चित करने की बात कही। अधिवक्ता परिषद के जिलाध्यक्ष कौशल किशोर त्रिपाठी ने अधिवक्ता चैंबर और विशाल सभागार निर्माण की मांग रखी। पूर्व अध्यक्ष जगदंबा सिंह ने अनावश्यक विवादों से बचते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने पर जोर दिया। 

नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिव प्रकाश अवस्थी और महामंत्री कमलापति तिवारी ने आभार व्यक्त करते हुए अधिवक्ता हित और न्याय दिलाने को अपनी प्राथमिकता बताया। समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, एल्डर कमेटी अध्यक्ष राकेश कांत मिश्रा, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष बद्री विशाल त्रिपाठी, सिरौली गौसपुर बार एसोसिएशन अध्यक्ष काशी प्रसाद द्विवेदी, कई वरिष्ठ अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार