मौसम : कभी हल्की ठंड तो कभी गर्मी कर रही परेशान
सर्दी-जुकाम, सिर दर्द, वायरल के मरीज बढ़े
मुरादाबाद, अमृत विचार। मौसम हर दिन रंग बदल रहा है। उत्तराखंड के मौसम का पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों पर असर पड़ रहा है। कभी आंधी बारिश के चलते हल्की ठंड तो कभी गर्मी परेशान कर रही है। मौसम के असंतुलन से लोग बीमार भी हो रहे हैं। अगले दिनों में भी फिर मौसम के करवट लेने का अनुमान जताया गया है।
इस सप्ताह के शुरुआती दिनों में आंधी बारिश के चलते तापमान में कमी आई, जिससे लोगों को ठंड का अहसास हुआ। दिन के साथ ही रात के तापमान में भी कमी आई। जबकि उसके पहले तेज धूप व सूरज की तपिश लोगों को बेदम कर रही थी। शुक्रवार को सुबह ठंड हवा के झोंके से मौसम सुहाना रहा। लेकिन दोपहर में तेज धूप से लोगों को उमस ने परेशान किया। हालांकि न्यूनतम तापमान अभी भी 25 डिग्री सेल्सियस के नीचे होने से रात में चद्दर ओढ़ने की नौबत है।
उत्तराखंड के मौसम का मुरादाबाद सहित पश्चिमी यूपी के अन्य जिलों पर भी असर पड़ रहा है। कभी हल्की ठंड, तो कभी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। पिछले दिनों उत्तराखंड के देहरादून व अन्य पहाड़ी जिलों में बर्फबारी व बारिश के साथ ओला पड़ने से जिले में भी मौसम असंतुलित हो गया है। इसका असर लोगों की स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। सरकारी व निजी अस्पतालों में सर्दी जुकाम, सिर दर्द, वायरल बुखार, पेट दर्द आदि के रोगी बढ़े हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह के शुरुआती दिनों में फिर बादलों की गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
बालरोग विशेषज्ञ डॉ. रवि गंगल का कहना है कि मौसम में बार-बार बदलाव से तापमान के असंतुलन का बच्चों पर अधिक असर पड़ रहा है। इन दिनों वायरल बुखार, सर्दी, जुकाम, डायरिया, पेट व सीने में दर्द की दिक्कत बच्चों को हो रही है। ऐसे समय में अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। खानपान भी संतुलित व मौसम के अनुकूल होना चाहिए। बच्चों को बाहर के खुले खाद्य सामग्री से दूर रखें। ताजा व सुपाच्य भोजन दें। कोल्ड ड्रिंक्स व आइसक्रीम से दूर रखें।
अगले छह दिनों का अनुमानित तापमान
तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
09 मई 34 डिग्री सेल्सियस 23 डिग्री सेल्सियस
10 मई 36 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस
11 मई 36 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस
12 मई 35 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस
13 मई 34 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस
14 मई 34 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस
