Rampur : तालाब की सफाई कर रहे तीन मजदूरों में एक डूबा, मौत
अजीमनगर थाना क्षेत्र के सींगनखेड़ा गांव में शुक्रवार को हुई घटना
रामपुर, अमृत विचार। अजीम नगर थाना क्षेत्र के गांव सींगनखेड़ा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के एक तालाब की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों में से एक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
सींगनखेड़ा निवासी प्रेमपाल (35 वर्ष) पुत्र सुंदरलाल, अपने दो अन्य साथी मजदूरों जागन और महेंद्र के साथ शुक्रवार सुबह गांव के ही एक तालाब की मनरेगा योजना की सफाई करने के लिए उतरे थे। तीनों मजदूर तालाब के किनारे-किनारे सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान सफाई करते-करते प्रेमपाल का पैर फिसल गया या गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह अचानक तालाब के बीचों-बीच गहरे पानी में चले गए। साथियों के शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण प्रेमपाल को पानी में डूबता देख किनारे पर काम कर रहे उनके साथियों, जागन और महेंद्र ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर प्रेमपाल को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला शव घटना की सूचना तुरंत स्थानीय अजीमनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तुरंत स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों की टीम ने तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी समय तक चली कड़ी मशक्कत और खोजबीन के बाद आखिरकार गोताखोरों ने प्रेमपाल के शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा पुलिस ने मृतक प्रेमपाल के शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन द्वारा मौके पर ही पंचनामा भरने की औपचारिकता पूरी की, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में अजीमनगर थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, मामले में किसी प्रकार की तहरीर आएगी तो कार्रवाई की जाएगी।
