रामलीला मैदानों का कायाकल्प, 23 परियोजनाओं के बजट को मिली मंजूरी, सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे करोड़ों

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित रामलीला मैदानों के सुदृढ़ीकरण, सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों के लिए 23 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। सभी परियोजनाओं के लिए धनराशि की पहली किश्त जारी कर दी गई है और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक स्वीकृत इन परियोजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के प्रमुख रामलीला स्थलों का संरक्षण, सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं का विकास करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं।

उन्होंने बताया कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सात जिलों की जिम्मेदारी क्रॉस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेस (सीएनडीएस) को सौंपी गई है। शेष परियोजनाओं के लिए यूपी. प्रोजेक्ट्स कॉपोरेशन लि.को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।

लखनऊ, गोरखपुर, गाजियाबाद सहित कई जिलों को मिला लाभ

स्वीकृत परियोजनाओं में लखनऊ के ऐशबाग रामलीला मैदान के विकास के लिए 129.60 लाख रुपये, गोरखपुर के खजनी क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 279.71 लाख रुपये और गाजियाबाद के साहिबाबाद में रामलीला मंच एवं संस्कृति केंद्र निर्माण के लिए 271.92 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा भदोही, हरदोई, प्रतापगढ़, रामपुर, गोंडा, उन्नाव, फतेहपुर, बिजनौर, हमीरपुर, फर्रुखाबाद और कुशीनगर सहित कई जिलों में भी विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

मोहनलालगंज क्षेत्र में कई परियोजनाएं

लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के ग्राम सिसेंडी, हिलगी और बरवलिया में रामलीला मैदानों की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए क्रमशः 116.60 लाख रुपये, 112.66 लाख रुपये और 119.70 लाख रुपये की धनराशि अनुमोदित की गई है।

यह भी पढ़ें:
एसपीजीआई में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पर विवाद, परिणाम पहले जारी होने पर उठे सवाल, आंदोलन की चेतावनी

संबंधित समाचार