Uttrakhand : 19 पानी बर्बादी और गंदगी फैलाने पर होटल का 16 हजार का चालान
नैनीताल, अमृत विचार। मल्लीताल क्षेत्र में एक होटल की पानी की टंकियों से लगातार पानी ओवरफ्लो होने और आसपास गंदगी फैलाने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शिकायत सही पाए जाने पर होटल पर कुल 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि पेयजल कनेक्शन भी काट दिया गया।
स्थानीय परिवारों ने ललित मोहन रयाल से शिकायत करते हुए बताया था कि मल्लीताल स्थित ब्रॉडवे होटल की टंकियों से लगातार पानी बहने के कारण आसपास के मकानों में सीलन बढ़ रही है। साथ ही ब्रॉडवे होटल और नीलम राज होटल के रास्ते में गंदगी फैलाने की भी शिकायत की गई थी।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मौके का निरीक्षण किया। जांच में शिकायत सही पाई गई। होटल ब्रॉडवे की छत पर स्थित टंकी से लगातार पानी बहता मिला, जिस पर जल संस्थान ने तत्काल पेयजल कनेक्शन काटते हुए पानी की बर्बादी पर 5 हजार रुपये का चालान किया।
वहीं पर्यटन विभाग ने 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया, जबकि नगर पालिका ने गंदगी फैलाने पर एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला। निरीक्षण के दौरान अक्षय भट्ट समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
