आईपीएल के नाम पर चल रहा था करोड़ों का अवैध सट्टा कारोबार, हवाला और दुबई आधारित नेटवर्क का खुलासा
रायगढ़ः छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए गोवा में बड़ी कार्रवाई की है। यह नेटवर्क आईपीएल क्रिकेट मैचों के नाम पर करोड़ों रुपये का अवैध सट्टा संचालित कर रहा था और इसका दायरा रायगढ़, रायपुर, नागपुर से लेकर गोवा और दुबई तक फैला हुआ था।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर टीम ने गोवा के कैंडोलिम बीच स्थित एक किराए के विला में दबिश देकर छह सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह "अभिनंदन बुक" और "लाइन" नामक प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।
आरोपी एपीके बेस्ड एप्लीकेशन के जरिए सट्टे के भाव एजेंटों और प्लेयर्स तक पहुंचाते थे। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि लाइव टीवी फीड के तकनीकी लाभ का उपयोग करते हुए लगभग 7 सेकंड पहले मिलने वाली जानकारी के आधार पर सट्टा कारोबार को अंजाम दिया जा रहा था। यह पूरा नेटवर्क महादेव सट्टा ऐप की तर्ज पर विकसित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क दुबई से प्राप्त बेटिंग आईडी के माध्यम से संचालित होता था और रायपुर, नागपुर सहित मध्य भारत के कई शहरों में एजेंटों के जरिए इसका विस्तार किया गया था। हर ट्रांजैक्शन पर कमीशन आधारित प्रणाली से यह गिरोह काम कर रहा था। छापेमारी के दौरान आरोपी साक्ष्य मिटाने की कोशिश में जुटे थे, हालांकि पुलिस ने मौके से 10 मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में हवाला नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत भी मिले हैं। पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट के अन्य राज्यों और शहरों में फैले नेटवर्क की जांच में जुटी है।
