कानपुर में दुर्गा मंदिर का गुम्बद क्षतिग्रस्त, पुलिस जांच में जुटी
कानपुर। कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवारी चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर का गुम्बद क्षतिग्रस्त होने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि थाना नौबस्ता क्षेत्र के हंसपुरम चौकी के पास पार्क में बने दुर्गा मंदिर का संगमरमर निर्मित गुम्बद अचानक गिर गया, जिससे मंदिर की चौखट क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर का गुम्बद पहले से चिपका हुआ था और 15 मई को अज्ञात कारणों से गिर गया। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी अराजक तत्व ने गुम्बद को धक्का देकर गिराया हो सकता है। पुलिस ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से क्षतिग्रस्त चौखट के पुनर्निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंदिर के गुम्बद के क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है।
