BOB Fake Currency: नकली नोट जमा करने का मिलता था पांच प्रतिशत कमीशन, पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा
लखनऊ, अमृत विचारः चिनहट स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में गुरुवार को नकली नोट जमा करने पहुंचे जालसाज को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी से पूछताछ और पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया कि नकली नोट बैंक में जमा करने के लिए पांच प्रतिशत का कमीशन मिलता था। उसका काम सिर्फ असली नोटों में नकली को मिलाकर बताये गये बैंक खातों में जमा कराना होता था। आरोपी से पूछताछ कई राज सामने आये हैं। जिनके आधार पर जांच की जा रही है।
चिनहट स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में 500 की 14 नोटों (सात हजार रुपये) के साथ गिरफ्तार छात्र सौरभ शुक्ला के मोबाइल में पुलिस को व्हाट्सएप कालिंग के कई संदिग्ध नंबर मिले हैं। इन नंबरों से कॉल आये और गये हैं। पुलिस को आशंका है कि छात्र के तार नकली नोटों के तस्करी अथवा हवाला गिरोह से हैं। आरोपी बैंक में 33 हजार रुपये जमा करने गया था। वहीं, उसके पास से 2.35 लाख रुपये बरामद किये गये थे। चिनहट पुलिस की पूछताछ में उसने कई अहम जानकारियां दी हैं। आरोपी के कॉल डिटेल में मिले सभी नंबरों की जांच की जा रही है। जांच में सर्विलांस, साइबर के अलावा चिनहट की थाने के और डीसीपी पूर्वी की क्राइम टीम को लगाया गया है। पुलिस छात्र का सोशल मीडिया अकाउंट भी खंगाल रही है। छात्र सौरभ मूल रूप से गोंडा जनपद के परसरपुर के शुक्लनपुरवा का रहने वाला है। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक छात्र के मोबाइल में कई संदिग्ध नंबर मिले हैं। हवाला अथवा नोटों की तस्करी करने वाले गिरोह से उसके जुड़े होने की आशंका है। जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ा जाएगा।
आज गोंडा जायेगी पुलिस टीम
चिनहट थाने की एक टीम रविवार को गोंडा रवाना होगी। पुलिस ने गोंडा के परसपुर थाने की पुलिस से संपर्क किया हैं। वहां सौरभ और उसके परिवारीजनों के बारे में डिटेल एवं उनका अपराधिक इतिहास का पता लगाएगी। सौरभ कब से लखनऊ में रह रहा था? किन किन लोगों के संपर्क में था? उसके परिचितों और दोस्तों में भी पुलिस गिरोह के जुड़े लोगों का पता लगा रही है।
