IPL 2026: आईपीएल के आसमान पर चमकने की प्रतीक्षा में लखनऊ के दो सितारे, लीग मुकाबलों में मचा चुके हैं तबाही
लखनऊ, अमृत विचार: आईपीएल में लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें शहर के दो युवा गेंदबाजों लेग स्पिनर जीशान अंसारी और तेज गेंदबाज नमन तिवारी पर टिकी हैं। दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों का हिस्सा तो हैं, लेकिन अब तक प्लेइंग इलेवन में नियमित मौका नहीं मिलने से फैंस मायूस हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के साथ जुड़े जीशान अंसारी अपनी घातक गुगली से बल्लेबाजों को चकमा देने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज नमन तिवारी अपनी रफ्तार और इनस्विंग से प्रभावित करने को तैयार बैठे हैं।
जीशान अंसारी ने पिछले कुछ वर्षों में घरेलू क्रिकेट और यूपी टी-20 लीग में शानदार प्रदर्शन कर खुद को साबित किया है। आईपीएल मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 40 लाख रुपये में खरीदा था। यूपी टी-20 लीग में उन्होंने 12 मैचों में 24 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का तमगा हासिल किया था।
घरेलू क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा। विजय हजारे ट्रॉफी 25-26 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए आठ मैचों में 21 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। जीशान के कोच गोपाल सिंह का मानना है कि टीम प्रबंधन को नॉकआउट मुकाबलों में उन्हें मौका देना चाहिए। उनके अनुसार, जीशान मैच जिताने की क्षमता रखते हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने युवा तेज गेंदबाज नमन तिवारी को एक करोड़ रुपये में टीम से जोड़ा। अंडर-19 विश्व कप-24 में भारत के लिए 12 विकेट लेने वाले नमन टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। पिछले दो सत्रों तक नेट गेंदबाज रहने के बाद इस बार उन्हें मुख्य स्क्वॉड में जगह मिली है। यूपी टी-20 लीग 2025 में नोएडा सुपर किंग्स के लिए 19 विकेट लेकर नमन ने अपनी दावेदारी और मजबूत की। करीब 140 किमी प्रति घंटा की रफ्तार और सटीक इनस्विंग उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है।
फैंस को मौके का इंतजार
एसआरएच जहां प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है, वहीं चेन्नई सुपर किंग्स से हार के बाद एलएसजी लगभग बाहर हो चुकी है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि बचे मुकाबलों में टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ियों को मौका देगा। खासकर घरेलू मैदान पर नमन तिवारी को अंतिम एकादश में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। लखनऊ के क्रिकेट फैंस को भरोसा है कि जब भी जीशान और नमन को मौका मिलेगा, दोनों अपने प्रदर्शन से न सिर्फ टीम को मजबूती देंगे बल्कि शहर का नाम भी रोशन करेंगे।
